मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक
गोरखपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शनिवार को महिला थाना पुलिस ने बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल अधिकारी मिशन शक्ति के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों और महिला अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
महिला थाना पुलिस ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, छेड़छाड़, हिंसा अथवा साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करना चाहिए। छात्राओं को अराजक तत्वों से स्वयं की सुरक्षा करने के उपायों के साथ-साथ अनजान एवं गलत लोगों के बहकावे में आने से बचने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को गलत व्यक्तियों के जाल में फंसकर घर से पलायन करने के संभावित दुष्परिणामों के बारे में भी बताया। उन्हें सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के इस्तेमाल के दौरान विशेष सावधानी बरतने तथा किसी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।
आपात स्थिति में हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 प्रमुख रहे।
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों ने मोबाइल में उपलब्ध इमरजेंसी कॉल एवं पैनिक बटन के इस्तेमाल का डेमो भी दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें।
छात्राओं को जनसुनवाई पोर्टल, महिला हेल्प डेस्क, जिला संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय एवं राज्य महिला आयोग तथा जनपद न्यायालय में संचालित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जैसी व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
महिला थाना पुलिस ने छात्राओं से कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी प्रत्येक बालिका एवं महिला के लिए आवश्यक है। जागरूकता के माध्यम से न केवल अपराधों से बचाव किया जा सकता है, बल्कि किसी घटना की स्थिति में समय रहते उचित सहायता भी प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय