ममता बनर्जी का इस्तीफा न देने का निर्णय असंवैधानिक नहीं : अविमुक्तेश्वरानंद

 




बलिया, 07 मई (हि.स.)। बलिया में आए शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उनके द्वारा गो रक्षा का चलाया जा रहा आंदोलन विशुद्ध धार्मिक आंदोलन है। हालांकि, ज्यादातर समय वे भाजपा पर ही हमलावर रहे।

जिले में अपने भ्रमण के दूसरे दिन गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित महर्षि भृगु मंदिर में दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में अविमुक्तेश्वरानंद ने कई राजनीतिक सवालों के भी जवाब दिए। पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में भाजपा को मिली चुनावी सफलता पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी द्वारा इस्तीफा न दिया जाना कोई संवैधानिक संकट का मामला नहीं है। यह न्यायपालिका की कार्यपद्धति है। उनको कोर्ट में जाना है। इसलिए इस्तीफा न देने की बात कह रही हैं। कहा कि तीन राज्यों में हुए चुनाव में बीजेपी को गौ हत्यारों के वोट से परहेज नहीं है। कहा कि सीएम योगी गाय की हत्या नहीं रोक पा रहे हैं। उन्होंने नौ साल से गाय को पशु सूची में ही रख कर चल रहे हैं। उन्होंने गाय के मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ और पूर्व सीएम सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को एक समान बताया। अखिलेश यादव के समय में भी गाय की रक्षा नहीं हुई। इसलिए जो गाय की रक्षा का संकल्प लेगा, हम उसे ही वोट देने की अपील करेंगे। अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा ने मछली का भंडारा किया। ये लोग हिन्दू धर्म की छवि को घटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मछली बंगाल में फलाहार की श्रेणी में भले ही आती हो, पूरे राष्ट्र में नहीं। जबकि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी