मथुरा: सीडीओ के इंतजार में तीन घंटे बैठे रहे किसान, नाराज होकर राजीव भवन के गेट पर दिया धरना

 


मथुरा, 26 नवंबर (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की कार्यशैली और कथित वादाखिलाफी से नाराज भारतीय किसान यूनियन (राजनीतिक) के कार्यकर्ताओं और किसानों ने गुरुवार को राजीव भवन पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने पशुपालन विभाग पर टीकाकरण के नाम पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

किसानों के मुताबिक, सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता ने बुधवार को गुरुवार सुबह 10 बजे बैठक के लिए समय निर्धारित किया था, लेकिन वह करीब तीन घंटे की देरी से दोपहर एक बजे कार्यालय पहुंचीं। इससे नाराज किसानों ने राजीव भवन के मुख्य द्वार पर ही धरना शुरू कर दिया और नारेबाजी की।

भाकियू (राजनीतिक) के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने आरोप लगाया कि पशुपालन विभाग में टीकाकरण के नाम पर हर साल करोड़ों रुपये का घोटाला किया जा रहा है। वहीं, जनपद सिंचाई बंधु के उपाध्यक्ष सुधीर रावत ने सीडीओ पर मामले को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. नरेंद्र नारायण शुक्ला ने टीकाकरण की स्थिति स्पष्ट कर किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार