मण्डल आयुक्त ने विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

 


मथुरा, 30 मार्च(हि.स.)। मण्डल आयुक्त नगेंद्र प्रताप द्वारा सोमवार शाम को बृज तीर्थ विकास परिषद के अंतर्गत मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का अधीनस्थ अधिकारियों संग निरीक्षण किया गया।

आयुक्त ने सर्वप्रथम गौरा नगर आर्टिजन सेंटर का निरीक्षण किया। अवगत कराया गया कि यहां राधा कृष्ण पोशाक से संबंधित लगभग 78 दुकानों, 4 कम्युनिटी हॉल और 2 ट्रेनिंग हॉल का निर्माण हो चुका है। दुकानों एवं हॉल का निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि समूचे परिसर में सफाई बनी रहे एवं कार्य हेतु अस्थाई रूप से लटके विद्युत तारों को ठीक किया जाए। इसके बाद आयुक्त ने बृज तीर्थ विकास परिषद उपाध्यक्ष श्री शैलजा कांत मिश्र जी के साथ दारुक पार्किंग के सामने बने सेंट्रल फॉर लिविंग ट्रेडिशन सेंटर का निरीक्षण किया। अवगत कराया गया कि यहां राधा कृष्ण की पोशाक, कंठी माला, अन्य प्रकार की माला, सिंगार आदि का उत्पादन एवं विक्रय केंद्र के साथ - साथ बृज की संस्कृति व लोक कलाओं का प्रदर्शन तथा प्रचार प्रसार किया जाएगा। यहां पर आउटलेट ब्लॉक, सेल सेंटर, फूड कोर्ट, किड्स प्ले एरिया के साथ एक ऑडिटोरियम का भी निर्माण हो रहा है। निरीक्षण उपरांत आयुक्त ने ऑडिटोरियम में फाल सीलिंग, स्टेज लाइट, साउंड, पंखे आदि का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार