मंदाकिनी नदी का जल स्तर बढ़ने से चित्रकूट में फिर मंडराया भीषण बाढ़ का खतरा

 


-प्रभावित इलाकों में राहत-बचाव कार्य में जुटा जिला प्रशासन

चित्रकूट, 01 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से चित्रकूट में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। रामघाट की सैकड़ों दुकानें डूबने के साथ-साथ सड़कों पर पानी आने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क कट गया है। रामघाट की सड़कों पर स्टीमर लगा कर होटलों में फंसे यात्रियों को प्रशासन द्वारा सुरक्षित निकाला जा रहा है।

चित्रकूट धाम मंडल बांदा के कमिश्नर अजीत कुमार और डीआईजी राजेश एस ने मंगलवार काे रामघाट पहुंचकर चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के साथ मंदाकिनी में आई बाढ़ का जायजा लिया। इस दौरान कमिश्नर अजीत कुमार ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित इलाको में राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

आपको बता दे कि चित्रकूट की मंदाकिनी नदी एक बार फिर उफान पर है। लगातार पहाड़ी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मंदाकिनी नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। रामघाट की सैकड़ों दुकानें जलमग्न हो गई। आसपास के होटलों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और राहत-बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में एनडीआरएफ टीम समेत अन्य बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है। जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। नावों के जरिए घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह बाढ़ प्रभावित और निचले इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सतर्क कर रहे हैं।

वही मंदाकिनी नदी में दोबारा आई बाढ़ का जायजा लेने रामघाट पहुंचे चित्रकूट धाम मंडल बांदा के कमिश्नर अजीत कुमार और डीआईजी राजेश एस ने चित्रकूट जनपद के अधिकारियों को बाढ़ को लेकर कड़ी सतर्कता बरतने के साथ-साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाने के साथ-साथ भोजन आदि बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चित्रकूट धाम नगर पालिका के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका चित्रकूट द्वारा रैन बसेरा सीतापुर और टाउन हाल कर्वी में आश्रय स्थल बनाए गए हैं। जहां बाढ़ प्रभावित लोगों के रुकने और भोजन आदि के इंतजाम किए गए हैं। इस मौके पर एडीएम न्यायिक अरूण कुमार यादव, सदर एसडीएम अजय कुमार यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल