मंगल कलश यात्रा निकालकर 20 अप्रैल से प्रारंभ होगी राष्ट्र हनुमंत कथा : डॉ उदय प्रताप सिंह

 


-रामायण सीरियल के राम, सीता, लक्ष्मण होंगे शामिल

-पीत वस्त्र में हज़ारों महिलाएं लेकर चलेंगी मंगल कलश, यात्रा का जगह-जगह किया स्वागत एंव पुष्प वर्षा

प्रयागराज, 19 अप्रैल (हि.स.)। प्रयाग उत्थान समिति की ओर से आयोजित बाबा बागेश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा को लेकर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में जोरदार तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं समिति के अध्यक्ष डॉ उदय प्रताप सिंह ने रविवार को बताया कि 20 अप्रैल सोमवार को सुबह 9ः00 बजे जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज से बाबा बागेश्वर धाम पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राष्ट्र हनुमंत कथा मंगल कलश यात्रा के साथ आगाज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंगल कलश यात्रा को चार भागों में विभाजित किया गया है। यात्रा मार्ग को भगवा मय कर दिया गया है और स्वागत मंच, पुष्प वर्षा, आरती पूजन, प्रसाद वितरण, पानी वितरण की व्यवस्था की गई है। जगह-जगह टैंकर लगाए गए हैं, मोबाइल टॉयलेट और छायादार बड़े छाते, अग्निशमन एवं एम्बुलेंस वाहन की व्यवस्था की गई हैं।

महामंत्री अभिषेक ठाकुर ने बताया कि मंगल कलश यात्रा में रामायण सीरियल के राम सांसद अरुण गोविल, सीता दीपिका चिखलिया एवं सुनील लहरी लक्ष्मण सहित पूज्य साधु संत, महंत सहित सम्मानित जनप्रतिनिधि गण शामिल होंगे।

समिति के उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि मंगल कलश यात्रा में सतरंगी छंटा में दिव्य हनुमान जी की झांकी, पुणे का धमाल, मृदंग, मेरठ का बैंड बाजा, 11 घोड़े पर सवार घुड़सवार, दर्जनों शानदार झांकियां, शामिल रहेंगीं। कलश यात्रा का शुभारंभ जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज से किया जाएगा, जो गऊघाट पुलिस चौकी मुट्ठीगंज छोटा चौराहा, मुट्ठीगंज बड़ा चौराहा, राम भवन चौराहा, सुलाकी चौराहा, मानसरोवर, चंद्रलोक होते हुए श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी के प्रांगण में सम्पन्न किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र