भारी बारिश से जलभराव पर नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश : अर्पित उपाध्याय
कानपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। भारी बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में जल निकासी तेज करने के लिए अतिरिक्त पंप लगाए जाएंगे और नालों की सफाई कर जल प्रवाह को बेहतर किया जाएगा। जलभराव खत्म होते ही संबंधित क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाने के साथ प्रभावित इलाकों में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह बातें मंगलवार को जलभराव स्थलों के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।
नगर आयुक्त ने मकड़ीखेड़ा, एनआरआई मैनावती मार्ग, गंगा बैराज और कछार गांव समेत कई जलभराव स्थलों का निरीक्षण किया। सबसे पहले कर्बला चौराहे के पास स्थित परमियां सम्पवेल का निरीक्षण कर नाले के पानी का प्रवाह देखा गया। यहां परमियां नाले से गंगा में जाने वाले पानी का स्तर लगभग बराबर होने से पानी बैक होने के कारण पीछे जलभराव की स्थिति मिली।
नगर आयुक्त ने जोनल अभियंता-छह को परमियां नाले के किनारे जलकल कार्यालय गंगा बैराज के रास्ते पुलिया के नीचे से गंगा तक जल निकासी मार्ग की दोबारा टीएमएक्स-20 से सफाई कराने, दोनों ओर की झाड़ियां हटाने और मार्ग को चौड़ा करने के निर्देश दिए।
एनआरआई सिटी के सामने ख्यौरा नाले पर पहले से दो 20-20 एचपी के पंप चलते मिले। ख्यौरा गांव की ओर अधिक जलभराव को देखते हुए एक और 20 एचपी का पंप लगाने के निर्देश दिए गए। ख्यौरा में जलकुंभी हटाने के साथ जाली वाले स्थान पर 24 घंटे कर्मचारियों की पालिवार ड्यूटी लगाने को भी कहा गया।
नगर आयुक्त ने जल निकासी के बाद सफाई अभियान चलाने और मकड़ीखेड़ा क्षेत्र में पेयजल की समस्या को देखते हुए जलकल विभाग को विभिन्न स्थानों पर पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप