भाजपा ने निकाली महिला जन आक्रोश रैली, विपक्ष का किया पुतला दहन

 










अमेठी, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित निजी महाविद्यालय परिसर में शनिवार को “महिला जन आक्रोश प्रदर्शन अभियान” के अंतर्गत एक जिला महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं की सशक्त उपस्थिति प्रदान की। सम्मेलन के उपरांत महिलाओं ने गौरीगंज की सड़कों पर उतरकर अपना आक्रोश दिखाया एवं विपक्षी दलों का पुतला दहन किया।

मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं अमेठी के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने की। आयोजन के संयोजक जिला महामंत्री विषुव मिश्रा रहे तथा कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष एवं जिला मंत्री आशा बाजपेई ने किया।

अपने संबोधन में सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सम्मेलन के उपरांत महिलाओं एवं पदाधिकारियों ने एक संगठित “जन आक्रोश मार्च” निकाला, जिसमें समाज में व्याप्त अन्याय एवं विपक्षी दलों की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया। मार्च के समापन के बाद महिलाओं ने समाजवादी पार्टी (सपा), कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सहित अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन कर आक्रोश व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री गीता सिंह, शांभवी सिंह (पत्नी अनंत विक्रम सिंह) सहित हजारों की संख्या में महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।कार्यक्रम नारी शक्ति के जागरण, संगठन की एकजुटता और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना का सशक्त उदाहरण बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी