भव्य झाकियों के साथ निकली हनुमान जी की शोभायात्रा

 


हाथरस, 02 अप्रैल (हि.स.)। हाथरस कस्बे में गुरुवार देर शाम हनुमान जयंती के मौके पर में सर्व समाज कल्याण समिति द्वारा हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों, भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारी, पुष्पवर्षा की और प्रसाद वितरित किया।

शोभायात्रा का शुभारंभ हाथरस रोड स्थित न्यायालय प्रांगण के निकट रमन रेती आश्रम के संत गोविंदाचार्य महाराज ने श्री हनुमान जी के स्वरूप की पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा, एमडी हॉस्पिटल के डायरेक्टर धर्मेंद्र गौतम और शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष कमल रावत ने भी आरती उतारी। शोभायात्रा आगे बढ़ने पर नगर जय श्री राम और बजरंगबली की जय के जयघोषों से गूंज उठा। इसमें बैंड-बाजों की मधुर धुनें और एक दर्जन से अधिक आकर्षक धार्मिक झांकियां शामिल थीं।

इन झांकियों में श्री गणेश महाराज, मां दुर्गा, श्रीनाथ जी महाराज, जगन्नाथ जी महाराज, श्रीराम दरबार, राम-लक्ष्मण-जानकी एवं हनुमान जी, सालासर बालाजी, भगवान शंकर महादेव, राधा-कृष्ण और श्रीरामचंद्र भगवान के स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा हाथरस रोड स्थित न्यायालय प्रांगण से शुरू होकर दिलवा नगर चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, सब्जी मंडी चौराहा, जवाहर बाजार और चौक बाजार से गुजरी। यह कृष्णा टॉकीज स्थित बगीचा वाले हनुमान जी मंदिर पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना, आरती और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने जलपान और प्रसाद की व्यवस्था की थी। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवक सक्रिय रहे।

इस अवसर पर शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष कमल रावत, पंडित अनुज शर्मा, विनीत गौतम, लक्ष्मीकांत, गुड्डू चौधरी, उमेश शर्मा, सभासद सौरव शर्मा, अधीर पचौरी, डॉ. यतेंद्र शर्मा, अमन गौतम, प्रमोद शर्मा सहित बड़ी संख्या भक्तजन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना