भगवान श्रीराम की तपोभूमि में नूतन वर्ष 2026 के स्वागत को उमड़ा आस्था का सैलाब
- लाखों भक्तों ने मनोकामनाओ के पूरक भगवान श्री कामतानाथ के दर्शन कर की नए वर्ष की शुरुआतचित्रकूट,01 जनवरी (हि. स.))। विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ के रूप में विख्यात भगवान श्री राम की तपोभूमि चित्रकूट में पहुंच लाखों श्रद्धालुओं ने देव गंगा मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगा तथा मनोकामनाओं के पूरक भगवान श्री कामतानाथ जी के दर्शन कर नव वर्ष 2026 का स्वागत किया। इसके साथ ही चित्रकूट के प्रमुख संतों का आशीर्वाद लेकर नव वर्ष के मंगलमय होने की कामना की।
अनादि काल से ऋषि मुनियों की तपोस्थली रही भगवान श्री राम की संकल्पभूमि चित्रकूट में नववर्ष के स्वागत के लिए देश भर से लाखों भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है। ठंड के बावजूद सुबह तड़के से ही लाखों श्रद्धालुओं ने देव गंगा मंदाकिनी में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद रामघाट में स्थापित चित्रकूट के राजाधिराज स्वामी मत्थगजेंद्र नाथ भगवान का जलाभिषेक किया। इसके बाद मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना को लेकर भगवान श्री कामतानाथ सरकार के दर्शन पूजन कर कामदगिरि पर्वत की पंच कोसीय परिक्रमा लगाई। इसके बाद कामदगिरि प्रमुख द्वार के महंत डॉ मदन गोपाल दास जी महाराज,दिगम्बर अखाड़ा के महंत दिव्य जीवन दास महाराज,रामायणी कुटी के महंत रामहृदय दास महाराज आदि के आश्रमों में पहुंच कर आशीर्वाद लेकर नूतन वर्ष 2026 के मंगलमय होने की कामना की।
कामदगिरि प्रमुख द्वार के महंत डॉ मदन गोपाल दास जी महाराज ने बताया कि चित्रकूट विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ है। भगवान श्री राम ने चित्रकूट में साढ़े 11 वर्षों तक तपस्या की थी। चित्रकूट स्थित भगवान श्री कामतानाथ जी के दर्शन पूजन करने से सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती है। लाखों भक्तों ने चित्रकूट तीर्थ पहुंच भगवान श्री कामतानाथ जी के दर्शन से अपने नूतन वर्ष की शुरुआत की है। वहीं कामतानाथ मंदिर के प्रधान पुजारी भरत शरण दास महाराज ने बताया कि धर्म नगरी चित्रकूट में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चित्रकूट पहुंच भगवान श्री कामतानाथ सरकार के दर्शन पूजन कर अपने नए वर्ष की शुरुआत की है। इसके अलावा चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नूतन वर्ष के स्वागत के लिए चित्रकूट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। जिसकी सुरक्षा के लिए मेला परिक्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल