बैल पर आरूढ़ होकर भक्तों को शैलपुत्री के स्वरूप में दर्शन देंगी मां कल्याणी
-नौ दिवसीय वासंतिक नवरात्र महोत्सव का हुआ शुभारम्भ
-19 से 27 मार्च तक होगा 54वां श्री राम कथा का आयोजन
प्रयागराज, 18 मार्च (हि.स)। शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी जी के मंदिर में मां कल्याणी देवी की महामंत्री श्यामजी पाठक ने विधि विधान पूर्वक अभिषेक पूजन के साथ प्रातः पांच बजे मंगला आरती कर प्रारम्भ किया।
उन्होंने कहा कि नौ दिवसीय वासंतिक नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन वैदिक ब्राह्मणों द्वारा शत चंडी महायज्ञ प्रातः 8 से 11 बजे तक एवं अपराह्नस चार से 6:30 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नव संवत्सर प्रतिपदा गुरुवार को मां कल्याणी देवी जी का श्रृंगार दर्शन शाम छह बजे से रात 12 बजे तक भक्तों को प्राप्त होगा।
मंदिर के अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार पाठक ने बताया कि वासंतिक नवरात्र के प्रथम दिवस पर मां कल्याणी देवी शैलपुत्री के स्वरूप में बैल पर आरूढ़ होकर और अपने हाथों में त्रिशूल एवं पुष्प कमल धारण कर अनेक प्रकार के आभूषणों एवं विविध प्रकार के पुष्पों से सुसज्जित होकर चांदी एवं चंदन की महल में विराजेंगी और भक्तों को दर्शन देंगीं।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि शाम सात बजे मां कल्याणी देवी जी की महाआरती की जाएगी। तत्पश्चात कल्याणी देवी धाम के पास स्थित पार्क में नौ दिनों तक चलने वाली 54वां संगीतमय श्री राम कथा का शुभारम्भ किया जाएगा। इस अवसर प्रखर राष्ट्र चिंतक डॉक्टर अनिरुद्ध जी महाराज वृंदावन के द्वारा रात 11 बजे तक भक्तों को राम कथा का अमृतपान प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र