बूथ जीतो,चुनाव जीतो’ के मंत्र से 2027 की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता : रमेश सिंह
सुलतानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के मंत्र के साथ कार्यकर्ता 2027 की तैयारियों में जुट जाएं। मजबूत बूथ समिति और सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ को संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनाने का आह्वान किया।
प्रवास के दूसरे दिन रमेश सिंह ने जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह,क्षेत्रीय मंत्री देवेन्द्र मौर्य और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा के साथ लोहरामऊ मंडल के उतरी गांव स्थित बूथ संख्या 383 की समिति की बैठक की। जमीनी हकीकत परखी।भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री सतीश सिंह के आवास पर हुई बैठक में उन्होंने बूथ अध्यक्ष अंशुमान सिंह से समिति के सदस्यों की सक्रियता और बूथ स्तर की गतिविधियों की जानकारी ली।
रमेश सिंह ने कहा कि बूथ कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम से भाजपा सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को मजबूत कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दें।
जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इससे पहले नगर मंडल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल और सभासदों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।उन्होंने आलोक आर्य के संयोजन में पुराने कार्यकर्ताओं स्व.शिव कुमार अग्रहरि पूर्व चेयरमैन, स्व.सजन लाल कसौधन पूर्व जिला मंत्री,स्व.डॉ एसएन दूबे पूर्व राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य के परिजनों एवं पूर्व चेयरमैन भोलानाथ अग्रवाल के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम भी जाना। कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव और वर्तमान कार्यकर्ताओं की सक्रियता को साथ लेकर 2027 की तैयारी को आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सोहन लाल निषाद, विजय त्रिपाठी,डिम्पल सिंह, विजय रघुवंशी,योगेंद्र सिंह,अयोध्या प्रसाद वर्मा,आनंद द्विवेदी, चन्दन नारायन सिंह, शक्तिकेंद्र संयोजक राकेश पांडे, दिलीप सिंह,विनोद मिश्रा, संदीप मिश्र,राजेंद्र तिवारी टाडा, राकेश मिश्र समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त