बागपत में निजी वाहनों के लिए नई पंजीयन सीरीज लागू

 


बागपत, 18 जुलाई (हि.स.)। जनपद में 18 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में निजी वाहनों के लिए सहायक संभागीय परिवहन ने नई पंजीयन सीरीज यूपी 17 एई लागू कर दी है। पूर्व में चल रही सीरीज यूपी 17 एडी 16 जुलाई को समाप्त हो चुकी है। शासन के निर्देशानुसार अब नई सीरीज के तहत वाहनों का पंजीकरण किया जाएगा।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि यूपी 17 एई सीरीज 17 जुलाई से प्रभावी हो गई है। नई सीरीज के तहत आकर्षक (फैंसी) नंबर लेने के इच्छुक वाहन स्वामी परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 18 जुलाई सुबह 10 बजे से 20 जुलाई तक संचालित की जाएगी।

फैंसी नंबरों के आवंटन के लिए विभाग ने 21 जुलाई दोपहर 12 बजे से 23 जुलाई शाम 6 बजे तक ई-नीलामी आयोजित की जाएगी। इस प्रक्रिया के जरिए वाहन स्वामी अपनी पसंद के विशेष नंबर प्राप्त कर सकेंगे।

एआरटीओ विपिन कुमार ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी पसंद का नंबर ऑनलाइन आरक्षित करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ई-ऑक्शन में भाग लें। साथ ही वाहन डीलरों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे नई पंजीयन सीरीज के अंतर्गत वाहनों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी