फैक्ट्री से लौट रहे चौकीदार की मार्ग दुर्घटना में मौत
फर्रुखाबाद,16 जून (हि.स.) । नवाबगंज थाना क्षेत्र के बेग गांव निवासी 45 वर्षीय अवनीश यादव उर्फ बबलू की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह सादिकपुर स्थित एक रिफाइनरी फैक्ट्री में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से घर लौटते समय फैक्ट्री के बाहर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार अवनीश यादव अपनी शिफ्ट पूरी कर घर के लिए निकले थे। फैक्ट्री से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह साइकिल समेत करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री में मौजूद दूसरे चौकीदार ने पुलिस और एम्बुलेंस को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक सत्य नारायण ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना ग्राम प्रधान के माध्यम से परिजनों को दी गई। अस्पताल पहुंचकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की मौत से आक्रोशित परिजन शव को लेकर फैक्ट्री पहुंचे और गेट पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। बाद में जिला पंचायत सदस्य यशबीर सिंह, मदन मोहन चतुर्वेदी तथा राजेश कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ हुई वार्ता के बाद परिजन शांत हुए। मृतक के भाई सरनेश उर्फ रिंकू की सूचना पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/chandrapal singh sengar
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar