फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग में दीक्षारंभ कार्यक्रम, उद्योग विशेषज्ञ ने बताए सफल करियर के सूत्र

 


कानपुर, 04 जुलाई (हि.स.)।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के फार्मास्यूटिकल साइंसेज विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ-2026 कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रयोगशालाओं, छात्र कल्याण सेवाओं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई। साथ ही अतिथियों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नवाचार और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विभाग के सभी फैकल्टी सदस्यों ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें कठिन परिश्रम, अनुशासन, संयम और उत्तम चरित्र के महत्व से अवगत कराया।

मुख्य अतिथि अमर फार्मा के टेक्निकल डायरेक्टर सुयश गुलाटी ने फार्मास्यूटिकल उद्योग में उपलब्ध अवसरों और बदलती आवश्यकताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख कौशल विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि छात्र समय रहते अपने ज्ञान और कौशल को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप विकसित करें तो उनके लिए बेहतर करियर के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

विभाग की निर्देशिका डॉ. निशा शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए फार्मास्यूटिकल क्षेत्र में करियर और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से जिज्ञासु, रचनात्मक और आजीवन सीखने की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. शशि किरण मिश्रा ने किया। असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. प्रकाश चंद गुप्ता ने विद्यार्थियों को विभाग की शैक्षणिक सुविधाओं, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और अन्य संसाधनों की जानकारी दी। अंत में असिस्टेंट डायरेक्टर डॉ. अनुप्रिया कपूर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभाग के सभी शिक्षक एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों के लिए छात्रावास में भोजन की व्यवस्था की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप