फर्रुखाबाद में 34 स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा मुख्यमंत्री आरोग्य मेला, 1540 मरीजों को मिला उपचार

 


फर्रुखाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में रविवार को 34 प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 1,540 मरीजों का पंजीकरण हुआ। इनमें 781 पुरुष, 566 महिलाएं और 193 बच्चे शामिल रहे। मरीजों को जांच, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित स्वास्थ्य मेलों में 35 चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ ने सेवाएं दीं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 265 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। इनमें से 108 की मलेरिया रैपिड जांच और 42 की डेंगू जांच कराई गई। दोनों ही जांचों में कोई संक्रमित नहीं मिला। इसी तरह 24 मरीजों की हेपेटाइटिस-बी और 33 की हेपेटाइटिस-सी जांच की गई, लेकिन किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। 30 मरीजों की कोविड जांच भी की गई।

मेले में बीमारीवार जांच और परामर्श पर भी विशेष जोर दिया गया। त्वचा संबंधी समस्याओं के 372, गैस्ट्रो के 178, डायबिटीज के 178, श्वसन संबंधी रोगों के 176 और हाइपरटेंशन के 69 मरीज पहुंचे। इसके अलावा 45 गर्भवती महिलाओं और 29 लिवर संबंधी समस्या वाले मरीजों की जांच की गई। 21 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया गया, जबकि 12 मरीजों की टीबी संबंधी जांच/परामर्श और पांच की एनीमिया संबंधी जांच की गई। कुल 668 मरीज अन्य बीमारियों से संबंधित पाए गए।

स्वास्थ्य मेले में आंखों की समस्या वाले 11 मरीजों की जांच की गई। पांच मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ा गया और पांच आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाई गईं। इसके अलावा छह लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए गए। जरूरत के अनुसार मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर भी किया गया।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जांच, उपचार, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। मौसम में बदलाव को देखते हुए बुखार, मलेरिया, डेंगू समेत अन्य संक्रामक रोगों की समय से पहचान और उपचार के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर