फर्रुखाबाद: मामूली विवाद में महिला ने फांसी लगा दी जान
महिला ने फांसी लगाकर दी जान, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कादरी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में रविवार सुबह एक महिला ने घर की दूसरी मंजिल पर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष ने महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, अमेठी जदीद गांव निवासी विजय प्रताप शाक्य की पत्नी कल्पना (38) की शादी वर्ष 2009 में हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें 11 वर्षीय बेटी माही, आठ वर्षीय उज्ज्वल और चार वर्षीय लकी हैं।
पति विजय प्रताप ने पुलिस को बताया कि रविवार तड़के करीब चार बजे दोनों की नींद खुली थी। कल्पना ने पानी भरकर रख दिया था। इसके बाद उसने पत्नी से मोबाइल फोन मांगा, जिसको लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद हो गया। विवाद के बाद विजय दोबारा सो गए। सुबह करीब 6:30 बजे नींद खुलने पर उन्होंने दूसरी मंजिल पर पत्नी को छत के कुंडे से साड़ी के सहारे फंदे पर लटका देखा।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही भैरव घाट चौकी प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर