फर्रुखाबाद: तम्बाकू फर्म के ठिकानों पर डीजीजीआई टीम का छापा, खंगाले जा रहे दस्तावेज

 






फर्रुखाबाद, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) लखनऊ की टीम ने बुधवार को शमसाबाद स्थिति शंख छाप तम्बाकू फर्म से जुड़े प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की।

टीम ने इस दौरान उक्त तम्बाकू के निर्माता गोपाल कृष्ण रस्तोगी की फर्म शुभम सेल्स कॉर्पोरेशन सहित कई ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। इसके अलावा तम्बाकू आढ़ती अभिषेक अग्रवाल, ब्रोकर रजित गुप्ता एवं अन्य कर्मचारियों के आवासों पर भी टीम छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में शामिल कई टीमें आज सुबह से दस्तावेजों और वित्तीय अभिलेखों की गहन जांच में जुटी हुई हैं। शमशाबाद और कायमगंज क्षेत्र में एक साथ डीजीजीआई की कार्रवाई से तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

बताया गया कि शंख छाप तम्बाकू फर्म एवं उससे जुड़े कई पार्टनर के द्वारा भारी कर अपवंचन (जीएसटी चोरी) तथा अन्य वित्तीय घोटालों को लेकर डीजीजीआई की टीमों की छापे की कार्रवाई की है। इस ब्रांड के निर्माता गोपाल कृष्ण रस्तोगी अपने कर्मचारियों के सहयोग से एक अरसे से अवैध कारोबार करते आ रहे हैं। फिलहाल जांच जारी है और कार्रवाई में शामिल अधिकारी कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दे रहे हैं। हालांकि छापेमारी की कार्रवाई को लेकर फर्म के मुनीम गुड्डू सैनी ने बताया कि लखनऊ से आई टीम जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar