फर्रुखाबाद : जसमई पुलिया पर निर्माण कार्य शुरू, दिल्ली जाने वाला मार्ग डायवर्ट

 


फर्रुखाबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद से कायमगंज और दिल्ली-आगरा जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। जसमई पुलिया पर निर्माण कार्य शुरू होने के कारण कायमगंज जाने वाला रास्ता पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके चलते इस रूट से गुजरने वाली निगम की बसों और अन्य वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है।

एटा-कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 121) पर जसमई तिराहे के पास स्थित अंडरपास पुलिया काफी खराब हो गई थी और सफर के लिए सुरक्षित नहीं रह गई थी। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने नई पुलिया बनवाने का फैसला लिया। पुरानी पुलिया को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन के बैनर लगा दिए गए हैं।

बदले रास्ते से जा रही बसें

कायमगंज मार्ग बंद होने के बाद, अब जो बसें कायमगंज होकर दिल्ली, एटा और आगरा जाती थीं, वे अब फर्रुखाबाद से मोहम्मदाबाद और नवाबगंज होकर अपनी मंजिल तक पहुंचेंगी। इसके अलावा, हरदोई और शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाली बसें भी इसी नए रास्ते से गुजरेंगी। इस रूट डायवर्जन की वजह से बसों और अन्य वाहनों को अब करीब 20 किलोमीटर का लंबा अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ेगा। इसके चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में करीब एक घंटा ज्यादा समय लगेगा।

कोतवाल अजब सिंह ने बताया कि यह व्यवस्था आज (शुक्रवार)से लागू कर दी गई है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलते समय इस नए रूट और अतिरिक्त समय को ध्यान में रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर