फतेहगढ़ में किन्नर के नेतृत्व में निकला ऐतिहासिक ताजिया जुलूस

 


फर्रुखाबाद, 20 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में फतेहगढ़ क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर शनिवार को रुबीना किन्नर उर्फ हाजी जावेद और फतेहगढ़ की गद्दी नशीन सोनिया किन्नर के नेतृत्व में एक ऐतिहासिक ताजिया जुलूस निकाला गया। इस जुलूस में सोना-चांदी का ताजिया शामिल था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।

इस आयोजन की मुख्य विशेषता हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की भावना रही। विभिन्न समुदायों के लोगों ने जुलूस का स्वागत किया, जिससे सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूती मिली। नगर में जगह-जगह लोगों ने ताजिए का सम्मानपूर्वक इस्तकबाल किया।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद था। अधिकारियों की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से अपने निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा और सकुशल संपन्न हुआ।

रुबीना किन्नर उर्फ हाजी जावेद ने इस आयोजन को फतेहगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की जीवंत मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि यह सोने-चांदी का ताजिया उनके पूर्वजों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है, जिसे वे निभाते आ रहे हैं।

किन्नर हाजी जावेद ने बताया कि वे गणेश प्रतिमा सहित सभी त्योहारों को बड़े धूमधाम से मनाते हैं और उनमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने फतेहगढ़ गद्दी नशीन सोनिया किन्नर, पूर्व प्रधान भोजपुरी और टीना ठाकुर किन्नर के सहयोग की भी सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar