प्रयागराज समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना
प्रयागराज, 17 जुलाई (हि.स.)। मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने शुक्रवार सुबह प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार शुक्रवार को प्रयागराज सहित प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशाम्बी, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत सहित आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए कृषि कार्यों में आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में नमी युक्त हवाओं के सक्रिय होने से स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल विकसित हो रहे हैं। इसके प्रभाव से प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा, तेज हवाएं और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल