प्रयागराज जोन की अंतरजनपदीय बैडमिंटन-टेबल टेनिस प्रतियोगिता का एसपी ने किया शुभारंभ
महोबा, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद पुलिस विभाग में खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयागराज जोन की अंतरजनपदीय महिला, पुरुष बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने फीता काटकर किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन में शामिल सात जनपदों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
जनपद मुख्यालय स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रयागराज जोन की अंतरजनपदीय प्रतियोगिताओं के अवसर पर एसपी शशांक सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन के प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर और महोबा जनपदों की महिला एवं पुरुष टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिन तक बैडमिंटन और टेबल टेनिस के रोमांचक मुकाबले होंगे।
इस दौरान एसपी ने कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न सिर्फ शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में खेलों का विशेष महत्व है। खेल न केवल हमारी शारीरिक दक्षता बढ़ाते हैं, बल्कि ड्यूटी के तनाव को कम कर सकारात्मक कार्यसंस्कृति को भी बढ़ावा देते हैं। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल भावना के साथ मैदान में उतरें, जीत-हार से ज्यादा सहभागिता और अनुशासन है।
इस दौरान एएसपी वंदना सिंह, सदर क्षेत्राधिकारी रविकांत गौड़,प्रतिसार निरीक्षक शिवकुमार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अन्य लोग मौजूद रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी