प्रकाश पाल के राज्यसभा प्रत्याशी बनने पर कानपुर-बुंदेलखंड में उत्साह : राम किशोर साहू
कानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रकाश पाल को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाए जाने से कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनके साथ कानपुर क्षेत्र से गोपी कृष्ण पांडेय को भी प्रत्याशी बनाए जाने पर पार्टी नेताओं ने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। यह बातें सोमवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू ने कहीं।
उन्होंने कहा कि प्रकाश पाल ने लंबे समय तक संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने संगठन विस्तार और पिछड़े वर्ग के बीच पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने के लिए काम किया। उनके राज्यसभा प्रत्याशी बनने को उन्होंने पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय बताया।
क्षेत्रीय मीडिया संयोजक अनूप अवस्थी ने कहा कि प्रकाश पाल और गोपी कृष्ण पांडेय का चयन संगठन के प्रति निष्ठा, परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के राज्यसभा पहुंचने से कानपुर क्षेत्र की आवाज को मजबूती मिलेगी। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि दोनों प्रत्याशी उत्तर प्रदेश के हितों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप