पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए जारी किए दिशा-निर्देश, केंद्राध्यक्ष नियुक्ति पर जोर
जौनपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने 15 अप्रैल से शुरू होने वाली सम सेमेस्टर की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को समय पर परीक्षा केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षाएं सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सकें।
परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि केंद्राध्यक्ष के पद पर महाविद्यालय के अनुमोदित आचार्य की ही नियुक्ति की जाएगी। यदि किसी महाविद्यालय में अनुमोदित आचार्य उपलब्ध नहीं हैं या किसी कारणवश कार्य करने में असमर्थ हैं, तो ऐसे में वरिष्ठतम प्राध्यापक का अनुमोदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज विश्वविद्यालय कार्यालय में प्रस्तुत कर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित केंद्राध्यक्ष के लिए नवीनतम वेतन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की स्वप्रमाणित प्रति, मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। इसके अतिरिक्त, यदि किसी महाविद्यालय के प्राचार्य अवकाश या बीमारी के कारण अनुपस्थित हैं, तो संबंधित चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना भी जरूरी होगा। प्रशासन के अनुसार, सम सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित की जाएंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें छात्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी केंद्राध्यक्षों को निर्देशित किया है कि वे परीक्षा व्यवस्था को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव