पूर्वांचल विश्वविद्यालय: गोल्ड मेडल प्राप्तकर्ताओं की अनंतिम सूची जारी
जौनपुर,17 जुलाई (हि.स.)। जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने अपने 30वें दीक्षांत समारोह-2026 के लिए विभिन्न विषयों एवं पाठ्यक्रमों में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की अनंतिम सूची शुक्रवार को जारी कर दी है। यह सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह सूची परीक्षा समिति की 09 जुलाई को हुई बैठक में लिए गए निर्णय के बाद प्रकाशित की गई है। यदि किसी छात्र या छात्रा को सूची में दिए गए नाम, अनुक्रमांक, प्राप्तांक या किसी अन्य विवरण पर आपत्ति है, तो वे 20 जुलाई को शाम 5:00 बजे तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में लिखित आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। आपत्ति दर्ज कराने के लिए छात्रों को अपने साक्ष्य और प्रमाण भी प्रस्तुत करने होंगे।
परीक्षा नियंत्रक ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए, संबंधित छात्र-छात्राओं से अनुरोध है कि वे समय रहते अपनी आपत्तियां और आवश्यक अभिलेख जमा करा दें।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव