पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित बस पलटी, 25 मजदूर घायल

 


सुलतानपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के हलियापुर थानाक्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किमी 86 पर मंगलवार लगभग साढ़े तीन बजे एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर नीचे पलट गई। हादसे में बच्चों सहित लगभग पच्चीस लोग घायल हो गए। हादसे के बाद एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, सीओ आशुतोष कुमार, तहसीलदार ग़ुलाब सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने बताया लगभग 25 लोगों को सौ शय्या अस्पताल कुमारगंज इलाज के लिए ले जाया गया है, जहां 9 यात्रियों को लखनऊ रेफर किया गया है।

क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने मंगलवार को बताया कि बिहार के नेवादा से ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों को लेकर डबल डेकर बस संख्या बाराबंकी जा रही थी। चालक के नींद में आने से बस अनियंत्रित होकर हलियापुर थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किमी 86 रामपुर बबुआन के पास डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे पलट गई। बस पलटते ही बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। किसी तरह बस से महिलाएं व बच्चे बाहर निकाले गए। बस में सवार बच्चों महिलाओं सहित पच्चीस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । जिनमें विक्की, बाल्मीकी, मीरा देवी, मनोज, प्रमोद,राखी कुमारी, ऊषा देवी,सनोज, राजू, गंगा, शुभा कुमारी, सोनाली देवी, गोरे, बजरंगी, सहित पच्चीसो लोग घायल हुए। इनमे अरविंद और पिंकी का हाथ कट गया है।

सूचना पर पहुंची यूपीडा की बचाव टीम व स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलाज के लिए एम्बुलेंस से सभी काे सौ शैय्या कुमारगंज जनपद अयोध्या भिजवाया गया। बस में सवार एक मजदूर राकेश के अनुसार बस में महिलाओं बच्चों सहित लगभग दो सौ लोग सवार थे। सभी लखनऊ के किसी ईट भट्ठे पर दिहाड़ी मजदूरी करने जा रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त