पूरे देश में निकाली जाएगी 'हिंदू स्वाभिमान यात्रा' : स्वामी चक्रपाणि
जगद्गुरु चक्रपाणि नन्द गिरि महाराज के प्रयागराज आगमन पर भव्य स्वागत
प्रयागराज,21 मार्च (हि.स)। श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के जगद्गुरु पद पर अभिषिक्त होने के बाद जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि नन्द गिरि महाराज तीर्थराज प्रयागराज पहुंचे। इस ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने अपने गुरुदेव के आदेशानुसार सर्वप्रथम प्रातःकाल त्रिवेणी संगम पहुंचकर विधिवत पूजन अर्चन किया। तत्पश्चात वेणी माधव मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
उसके उपरांत महर्षि भारद्वाज आश्रम में सप्तऋषियों का स्मरण एवं दर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने सम्पूर्ण प्रयागराज धाम के प्रमुख तीर्थों के दर्शन किए तथा माँ ललिता देवी मंदिर में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना किया। जगद्गुरु महाराज मौज गिरी, जूना अखाड़ा कीडगंज पहुंचे,जहां उन्होंने अपने गुरुदेव श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक हरि गिरि महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्म एवं राष्ट्रहित विषयों पर विस्तृत चिंतन किया।
इस अवसर पर जगद्गुरु चक्रपाणि महाराज ने कहा कि शीघ्र ही पूरे देश में 'हिन्दू स्वाभिमान यात्रा' निकाली जाएगी, जिसका उद्देश्य धर्म रक्षा, गौ रक्षा, मंदिरों की सुरक्षा एवं संतों तथा गौभक्तों की रक्षा सुनिश्चित करना होगा।
वृंदावन में गौभक्त फरसा बाबा की हत्या के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोषियों को किसी भी स्थिति में नहीं छोड़ेंगे और शीघ्र ही न्याय सुनिश्चित होगा। जगद्गुरु ने कहा कि अपने गुरुदेव से विमर्श उपरांत श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा, विभिन्न हिंदू संगठनों एवं धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से राष्ट्रव्यापी 'हिंदू स्वाभिमान यात्रा' प्रारंभ की जाएगी।
उन्होंने कहा कि उनके जीवन का उद्देश्य सदैव धर्म रक्षा, राष्ट्र रक्षा एवं हिंदू स्वाभिमान की रक्षा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में प्रमुख पक्षकार के रूप में उनकी भूमिका, राष्ट्रविरोधी शक्तियों के विरुद्ध उनके साहसिक कदम तथा हिंदू समाज के सम्मान हेतु उनके द्वारा किए गए कार्य सर्वविदित है। यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि समस्त राष्ट्रवादी एवं धर्मनिष्ठ समाज का सम्मान है।
इसके पूर्व भाजपा नेता कुमार नारायण अपने साथियों के साथ जगद्गुरु स्वामी चक्रपाणि महाराज का पुष्पमाला एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि स्वामी चक्रपाणि महाराज को जूना अखाड़ा द्वारा जगद्गुरु की उपाधि प्रदान की गई है। उन्होंने घोषणा की कि प्रयागराज सहित पूरे देश में जगद्गुरु महाराज के सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा का भी पूरे देश में अभिनंदन एवं स्वागत किया जाएगा, शीघ्र ही प्रयागराज में स्वामी जी के लिए एक विशाल स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में केपी ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह के सुपुत्र कौशलेंद्र नाथ सिंह सहित अनेक श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। कौशलेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि स्वामी चक्रपाणि महाराज को जगद्गुरु पद पर आसीन किया गया है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे सुमित श्रीवास्तव, आर.के.श्रीवास्तव, दिलीप श्रीवास्तव (दीपू), भानु प्रताप सिंह, संचित निधि, अमित श्रीवास्तव (रिंकू), धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव (समीर), कौशलेंद्र बहादुर, राकेश श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र