पुलिस अभिरक्षा से आरोपित फरार मामले में दो सिपाही निलम्बित

 


सीतापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के सकरन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम पुलिस अभिरक्षा से अभियुक्त के फरार होने के मामले ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल शिवम मंझारिया को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच बिसवां के क्षेत्राधिकारी को सौंप दी गई है।

फरार होने की घटना बुधवार की है, जब सुकेठा गांव निवासी इस्तियाक (22), पुत्र निसार, को जेल भेजने से पहले चिकित्सीय परीक्षण के लिए सीएचसी सांडा लाया गया था। इसी दौरान आरोपित ने पुलिस को चकमा देते हुए भीड़ का फायदा उठाया और अस्पताल परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया।

आरोपित के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपित ने 29 मार्च की रात एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा लिया था। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने 30 मार्च को लखनऊ से दोनों को बरामद कर लिया था और आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही थी। फिलहाल फरार अभियुक्त की तलाश में पुलिस की चार टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधीक्षक के निलम्बन की कार्यवाही गुरुवार दोपहर बाद की गई। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि दोषी व लापरवाही के मामले में इनका निलम्बन किया गया है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी जारी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma