पात्र छात्रों की छात्रवृत्ति न रुके, दो दिन में आवेदन निस्तारित कराएं : जिलाधिकारी
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। आर्थिक अभाव के कारण किसी पात्र छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। छात्रवृत्ति के आवेदन समय से पूरे कराना विद्यालय और कॉलेजों की जिम्मेदारी है। लापरवाही से किसी पात्र छात्र की छात्रवृत्ति रुकी तो संबंधित प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की वर्चुअल समीक्षा बैठक में दिए।
समीक्षा में कक्षा 9-10 के 5,967 और कक्षा 11-12 के 4,266 आवेदन संस्थानों के स्तर पर लंबित मिले। डीएम ने सभी आवेदनों का दो दिन में सत्यापन कर अग्रसारित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान स्तर पर आवेदन लंबित रहने से कोई पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित नहीं होना चाहिए।
दशमोत्तर छात्रवृत्ति में 40 संस्थानों का छात्रवृत्ति पोर्टल पर मास्टर डाटा अपडेट नहीं मिला। इसे 26 सितंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के आवेदन 28 सितंबर तक अग्रसारित कराने को कहा गया।
अधिक आवेदन लंबित रखने वाले संस्थानों में जनसेवा इंटर कॉलेज प्रेमपुर, पं. गुरु प्रसाद गया प्रसाद इंटर कॉलेज, चौ. अयोध्या प्रसाद हायर सेकेंडरी स्कूल, यूनाइटेड एजूकेशन बिल्हौर, आयशा सिद्धिकी और हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज शामिल रहे। इन्हें लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि छात्रवृत्ति कार्य में लापरवाही या पात्र छात्र के वंचित रहने पर संबंधित प्राचार्य या प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय होगी। पिछले वर्ष की तुलना में कम आवेदन कराने वाले कॉलेजों की भी समीक्षा कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह मौजूद रहे।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप