पश्चिम बंगाल की जीत पर भाजपा कार्यालय में जमकर बंटी झालमूड़ी

 


बंगाल में टीएमसी का 'भय' परास्त हुआ : पंकज चौधरी

लखनऊ,04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचण्ड विजय के बाद लखनऊ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर झालमूड़ी बांटकर जीत का जश्न मनाया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के रूझान आने के बाद से ही पार्टी कार्यालय में झालमूड़ी बंटनी शुरू हुई और पूरे दिन यह सिलसिला चला। वैसे तो भाजपा को असम विधानसभा के चुनाव में भी शानदार जीत मिली है लेकिन सर्वाधिक खुशी कार्यकर्ताओं को पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों पर दिखी।

पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ जीत के जश्न में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर आतिशबाजी की और लड्डू व झालमूड़ी बांटी। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को इस विजय का आधार बताते हुए इसे देश में विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति की जीत बताया। उन्होंने कहा गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा को माँ गंगा और जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिल रहा है । बंगाल में टीएमसी का 'भय' परास्त हुआ है और प्रधानमंत्री मोदी का 'भरोसा' विजयी हुआ है। असम में विकास की 'हैट्रिक' ने साबित कर दिया है कि जनता अब केवल 'परफॉर्मेंस' की राजनीति चुन रही है। पूर्वी भारत से उठी यह लहर उत्तर प्रदेश के 'मिशन 2027' को अभूतपूर्व ऊर्जा प्रदान करेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि साल के 365 दिन जनता की सेवा में समर्पित रहते हैं। हमारा संकल्प है कि डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक शत-प्रतिशत पहुँचाया जाए। हमारी पार्टी चुनाव के लिए हर वक्त तैयार रहती है, जिसे हम अब और 'फाइन-ट्यून' कर रहे हैं। कहा कि मैं स्वयं लगातार प्रदेश का दौरा कर जमीनी हकीकत और कार्यकर्ताओं के उत्साह को देख रहा हूं। बंगाल और असम का यह परिणाम तो केवल ट्रेलर है, यूपी 2027 में सुशासन की हैट्रिक के साथ पूरी पिक्चर अभी बाकी है!”

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी संगठन को और सशक्त बनाते हुए ‘मिशन 2027’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा के साथ जुटे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा करती रहेगी।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में भाजपा की विजय पर बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम राष्ट्रवाद और विकास के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भाजपा ने देशभर में जनसेवा और पारदर्शी शासन का जो मॉडल प्रस्तुत किया है, उसी का परिणाम है कि जनता ने एक बार फिर भाजपा को अपना समर्थन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन