पशुपालन विभाग प्रदेश भर में चलायेगा सघन जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान
लखनऊ, 15 सितंबर (हि.स.)। पशुपालन विभाग ’’आपके द्वार’’ पहल के तहत सेवा संकल्प अभियान 2026 के दौरान प्रदेश भर में सघन जन जागरूकता व टीकाकरण का विशेष अभियान संचालित करेगा। इस दौरान पशुचिकित्सकों की विशेष टीमें गांव-गांव पहुंच कर पशुओं का टीकाकरण करेंगी और उनके द्वारा बीमारियों से बचाव हेतु पशु स्वास्थ्य परीक्षण के साथ जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। साथ ही लम्पी स्किन डिसीज से बचाव के लिए विशेष सघन टीकाकरण अभियान भी चलाया जायेगा। सभी पशुपालक अपने निकटतम पशु चिकित्सा शिविरों/पशुचिकित्सालाओं में पहुंचकर इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकते हैं तथा किसी भी समस्या एंव समाधान हेतु टोल फ्री नं. 1962 तथा 1800-180-5141 पर संपर्क कर सकते हैं।
पशुपालन विभाग के निदेशक (प्रशासन एवं विकास) डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान संक्रामक बीमारियों से बचाव व जन जागरूकता के लिए पशुपालकों को पशुओं में फैलने वाली संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक किया जायेगा तथा संबंधित बीमारियों के लिए औषधि एवं प्रचार-प्रसार सामग्री का निःशुल्क वितरण भी किया जायेगा। इस दौरान पशु रोग नियंत्रण हेतु बड़े स्तर पर सघन टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जायेगा और बीमार पशुओं के त्वरित इलाज के लिए निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किये जायेगे। लम्पी स्किन डिसीज पर विशेष फोकस किया जायेगा। गोवंश को लम्पी वायरस से सुरक्षित रखने के लिए पूरे प्रदेश में प्राथमिकता के आधार पर व्यापक व सघन टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। पशुओं में नस्ल सुधार हेतु कृत्रिम गर्भाधान, पशुओं की इयर टैगिंग तथा पशुओं में स्वदेशी नस्लों का संवर्धन एवं निराश्रित गोवंश का संवर्धन एवं गौशालाओं को स्वावलंबी बनाने हेतु प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार एवं शासन की विभिन्न हितकारी योजनाओं का लाभ सीधे पशुपालकों तक पहुंचाया जायेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन