पंचायत चुनाव से पहले 55 लग्जरी गाड़ियों का 10 किमी लंबा भौकाली जुलूस
--ऑडी पर ‘राव साहब’ लिखी नंबर प्लेट, डीजे-हूटर के साथ गांवों में निकला जुलूस, खुद किया वीडियो वायरल
--पुलिस बोली, बच्चा पैदा होने की मनाई जा रही थी खुशी
झांसी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। पंचायत चुनाव से पहले झांसी जिले के एक गांव में शक्ति प्रदर्शन का अनोखा मामला सामने आया है। एक युवक ने 55 महंगी गाड़ियों का काफिला निकालकर गांवों में अपना भौकाल दिखाया। इस जुलूस में ऑडी, थार, स्कॉर्पियो, बलेनो और इनोवा जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल रहीं। कई गाड़ियों पर भाजपा और सपा के झंडे लगे थे, जबकि कुछ गाड़ियों में हूटर भी बजते रहे।
सबसे आगे चल रही लाल रंग की ऑडी कार की नंबर प्लेट पर ‘राव साहब’ लिखा हुआ था। काफिले की अगुवाई खुद युवक ने की। कार के सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाया गया, वहीं अन्य गाड़ियों में सवार युवक खिड़कियों और दरवाजों से बाहर लटकते नजर आए। तेज आवाज में डीजे बजाते हुए यह काफिला करीब 10 किलोमीटर तक ग्राम पंचायत के एक गांव से दूसरे गांव तक घूमता रहा।
मामला मंगलवार का है, लेकिन इसका वीडियो बुधवार को सामने आया। बताया गया है कि अमरपुर गांव निवासी शिशुपाल यादव आगामी पंचायत चुनाव में प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उनके पिता वीरन पाल यादव पहले प्रधानी का चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
शिशुपाल यादव किसान परिवार से है और उनके पास करीब चार एकड़ जमीन है। इसमें से एक एकड़ जमीन बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण को बेची गई थी, जिससे उन्हें करोड़ों रुपये का मुआवजा मिला। दावेदारी मजबूत करने के लिए उन्होंने यह शक्ति प्रदर्शन किया। शिशुपाल यादव ने खुद इस जुलूस का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया, जिस पर “भावी प्रधान” लिखा हुआ है।
सीओ सदर- बच्चा पैदा होने की खुशी
इस मामले में रक्सा थाना प्रभारी ने पल्ला झाड़ते हुए मामला बबीना थाना क्षेत्र का बताया, तो वहीं सीओ सदर रामवीर सिंह ने कहा कि कोई जुलूस नहीं था न ही 55 गाड़ियां थी किसी के यहां बच्चा पैदा होने की खुशी मनाई जा रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया