पंकज चौधरी ने किया डाॅ. ऋचा गंगवार की पुस्तक 'गर्भ संस्कार' का लोकार्पण

 


लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को नैमिषारण्य गेस्ट हाउस में स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. ऋचा गंगवार की पुस्तक 'गर्भ संस्कार' का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय, विधान परिषद के सदस्य अवनीश सिंह पटेल, एमएलसी हरिओम पाण्डेय, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आलोक वर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री दीपक मल्ल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

पुस्तक की लेखिका डाॅ. ऋचा गंगवार ने कहा कि गर्भ संस्कार भारत की प्राचीन जन्मपूर्व ज्ञान प्रणाली है। इसका मतलब है गर्भ संस्कृति, यानी प्रेगनेंसी के दौरान बच्चे के मन, शरीर और आत्मा का ध्यान से पालन-पोषण करना। आधुनिक विज्ञान भी अब मानता है कि कैसे शुरुआती भाव (इमोशनल) और सुनने के अनुभव बच्चे के भविष्य को बनाते हैं।

एरा मेडिकल कालेज के प्रोफेसर डाॅ. के. पी. मल्ल ने बताया कि इस पुस्तक में 10 अध्याय है। गर्भधारण के बाद हर एक महीने के हिसाब से अध्याय है। जबकि 10 वाँ अध्याय योगाशन व प्राणायाम के बारे में है। इस पुस्तक की विशेष बात यह है कि हर अध्याय के बाद क्यू आर कोड दिया गया है। इसे मोबाइल से स्कैन कर महिलाएं डाॅ. ऋचा गंगवार का वीडियो सुन सकती हैं। इस पुस्तक में लाइफ़स्टाइल, इंद्रियों का विकास, व्यक्तित्व की छाप, याददाश्त की शक्ति, चेतना और योग व प्रेग्नेंसी के बारे में विस्तार से उल्लेख किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन