पंकज चौधरी और धर्मपाल सिंह ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने रविवार को राजधानी लखनऊ में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, समरस वन, लखनऊ में ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान के तहत 5,500 पौधों के वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने लखनऊ के कुकरैल वन में आयोजित पौधारोपण महायज्ञ 2026 के अंतर्गत पीपल, पाकड़ एवं बरगद (शंकरी) के पौधों का रोपण किया। भाजपा के प्रदेश, क्षेत्र, जिला, मंडल, शक्तिकेन्द्र, बूथ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि प्रदेश में एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर पौधारोपण कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।
पंकज चौधरी ने कहा कि पाैधरोपण करना और उनका संरक्षण करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज में रहने वाले हर नागरिक का परम कर्तव्य और आवश्यकता है। आज बदलती वैश्विक जलवायु परिस्थितियों के बीच भारत को पर्यावरण के दृष्टिकोण से सुरक्षित रखने के लिए हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान अब देश में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें हमारे नौजवान बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि आज हम जो पेड़ लगा रहे हैं, वे हमारी आने वाली पीढ़ियों, बच्चों, समाज और पूरे देश के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम‘ अभियान से जुड़कर सभी प्रदेशवासियों से पेड़ अवश्य लगाने और उसे संरक्षित करने का निवेदन किया।
कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं : धर्मपाल सिंह
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नही है, बल्कि प्रकृति संरक्षण का एक जन आन्दोलन है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि हमारी परम्परा में प्रकृति को जीवनदायिनी माना गया है। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर आगे बढे़। प्रत्येक परिवार अपनी मां के सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। पौधारोपण प्रकृति के प्रति हमारा दायित्व है और यही आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन