पं. धीरेन्द्र शास्त्री की प्रयागराज में होने वाली हनुमंत कथा स्थगित
नवरात्रि के उपरांत आगामी तिथि होगी घोषित
प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स)। प्रयाग उत्थान समिति के अध्यक्ष डॉ उदय प्रताप सिंह ने रविवार बताया कि 07 मार्च को परेड ग्राउंड में बाबा बागेश्वर धाम पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की विशाल हनुमंत कथा को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। नवरात्रि के उपरांत आगामी तिथि घोषित की जायेगी।
समिति के अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम में लाखों की संख्या में भक्तजनों के एकत्रीकरण अनुमानित होने के कारण चल रहे यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रभावित होती, जिससे बोर्ड की परीक्षा दे रहे छात्रों को असुविधा उत्पन्न होती। इसलिए बोर्ड के परीक्षार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए समिति ने 7 मार्च को परेड ग्राउंड में होने वाली विशाल हनुमंत कथा स्थगित कर दी गई है।
समिति के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि हनुमंत कथा सिर्फ स्थगित किया गया है, निरस्त नहीं किया गया है। नव संवत्सर वर्ष 2083 नवरात्रि के उपरांत आगामी तिथि घोषित की जायेगी। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं ने कथा के निमित्त होने वाली मंगल कलश यात्रा में रजिस्ट्रेशन करा लिया है उनका रजिस्ट्रेशन सुरक्षित कर लिया गया है। उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। कथा की आगामी तिथि घोषित होते ही स्वयं प्रकिया में आ जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र