नियमित व्यायाम से कम हो रही हाथीपांव की सूजन

 






- पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमरी में पीएसपी के सहयोग से फाइलेरिया मरीजों को दिया गया एमएमडीपी प्रशिक्षण

देवरिया, 09 अप्रैल (हि.स.)। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमरी से सम्बद्ध आंगनबाड़ी केंद्र पर गुरुवार को मरीजों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पीएसपी (पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म) के सहयोग से सम्पन्न हुआ, जिसमें फाइलेरिया से प्रभावित मरीजों को रोग प्रबंधन के लिए एमएमडीपी (मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसेबिलिटी प्रिवेंशन) प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक नवीन प्रकाश ने बताया कि नियमित साफ-सफाई, व्यायाम और उचित देखभाल से हाथीपांव (फाइलेरिया) के लक्षणों में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया एक संक्रामक बीमारी है, जो क्यूलेक्स मच्छर के माध्यम से फैलती है। संक्रमित व्यक्ति को काटने के बाद यही मच्छर जब किसी स्वस्थ व्यक्ति को काटता है, तो संक्रमण फैलता है। इसके लक्षण कई वर्षों बाद सामने आते हैं, जिसमें हाथ-पैर या अंडकोष में सूजन तथा महिलाओं में स्तन के आकार में बदलाव देखा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि समय रहते पहचान और साल में एक बार लगातार पांच वर्षों तक दवा सेवन से इस बीमारी की रोकथाम संभव है। मरीजों को साफ-सफाई और नियमित उपचार अपनाने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम के दौरान 20 मरीजों को एमएमडीपी किट वितरित की गई, जिसमें साबुन, तौलिया, एंटीसेप्टिक सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी। इन किटों का उद्देश्य मरीजों को घर पर ही प्रभावित अंगों की साफ-सफाई और देखभाल के लिए सक्षम बनाना है। पीएसपी सदस्य और सीएचओ अनुराधा ने मरीजों को डेमो के माध्यम से प्रभावित अंग की सही तरीके से सफाई, सूजन कम करने के उपाय और संक्रमण से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में फाइलेरिया मरीज धर्मेंद्र (50) ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि पीएसपी से जुड़ने के बाद नियमित देखभाल और व्यायाम करने से उन्हें पिछले 10 महीनों से अटैक नहीं आया और सूजन में भी कमी आई है। इस मौके पर बीपीएम नागेंद्र मल्ल, एएनएम प्रीति, वालेंटियर राजू श्रीवास्तव, बीएचडब्ल्यू राकेश, सीफार संस्था के प्रतिनिधि, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक व ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक