निघासन के दर्जनों किसानों ने भाकियू टिकैट का दामन छोड़ अराजनैतिक का थामा दामन
लखीमपुर खीरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। शुक्रवार को निघासन उपमंडी परिसर में एकत्रित होकर दर्जनों किसानों ने एकजुट होकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) का दामन थाम लिया। इस दौरान भाकियू टिकैत गुट के कई पदाधिकारियों ने भी संगठन परिवर्तन करते हुए अराजनैतिक गुट की सदस्यता ग्रहण की। टिकैट गुट के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
कार्यक्रम में भाकियू (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन ने शामिल पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र देकर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपीं और संगठन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मजबूती के साथ किसानों के हकों की लड़ाई लड़ने के लिए हर समय तैयार रहने के लिए कहा। नए पदाधिकारियों में अमरजीत सिंह को विधानसभा अध्यक्ष, संदीप सिंह को तहसील अध्यक्ष तथा मुख्तार सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभा में जसपाल सिंह पल्ला, बलदेव सिंह, निरंजन सिंह, रेशम सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खी, रणधीर सिंह, हरभजन सिंह बिट्टू और इंद्रजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई। मंडी निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार और गुणवत्ता में कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने गेहूं की सुचारु तौल व्यवस्था के लिए मंडी में चार अतिरिक्त कांटे लगाए जाने की मांग भी की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आगे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव