नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण,शीघ्र कार्य पूर्ण करने के आदेश
गोरखपुर, 31 मार्च (हि.स.)। महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा नगर निगम के पुराने कार्यालय भवन में बन रहे म्यूजियम, ट्रांसपोर्ट नगर में बन रहे कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स एवं एकला बंधा पर हाे रहे सुंदरीकरण का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं अन्य उपस्थित रहे। म्यूजियम के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
ट्रांसपोर्ट नगर में बन रहे कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य काफी धीमा पाया गया। नगर आयुक्त द्वारा पिछले निरीक्षण के बाद से अभी तक निर्माण कार्य में प्रगति नहीं पाए जाने पर नगर आयुक्त द्वारा नाराजगी जताई गई एवं संबंधित ठेकेदार को नोटिस देते हुए पेनाल्टी लगाने हेतु मुख्य अभियंता को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही राप्ती नदी के किनारे एकला बंधा का सुंदरीकरण हर हाल में 10 अप्रैल तक पूर्ण करा लेने हेतु निर्देशित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय