देवरिया: अपर पुलिस अधीक्षक ने एकौना व रुद्रपुर थानों का किया निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 


देवरिया, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की देवरिया जनपद के

अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को थाना एकौना एवं थाना रुद्रपुर का भ्रमण कर प्रशिक्षण के लिए आए रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने आरक्षियों के रहने, खाने, मेस व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिक्रूट आरक्षियों को उपलब्ध कराई जा रही सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक हों।

उन्होंने मेस में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही बैरकों की नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की स्वच्छता और अन्य जरूरी सुविधाओं की निगरानी के निर्देश भी दिए।

इस दौरान उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों के साथ बैठक कर उनसे संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरक्षियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट आचरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि कुछ बिंदुओं पर सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक