दीपावली से पहले वाराणसी-आगरा-लखनऊ में 86 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के अवसर पर उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण मिठाई और नमकीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), उत्तर प्रदेश ने ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश में खाद्य सुरक्षा जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में वाराणसी, आगरा और लखनऊ में मिठाई एवं नमकीन विनिर्माण प्रतिष्ठानों तथा संबंधित खाद्य कारोबार इकाइयों का निरीक्षण किया गया। तीनों शहरों में कुल 86 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर 71 सुधार नोटिस जारी किए गए और 30 खाद्य नमूने संकलित किए गए।
गंभीर कमियां मिलने पर चार प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबार लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि लखनऊ में भी एक मिठाई प्रतिष्ठान का कारोबार बंद कराया गया।
प्रदेश स्तरीय टीमों ने मिठाई एवं नमकीन सेक्टर के लिए निर्धारित नियामक निरीक्षण मार्गदर्शिका और चेक बिंदुओं के आधार पर कार्रवाई की। निरीक्षण में विनिर्माण परिसर की स्वच्छता, कच्चे माल की गुणवत्ता, दूध एवं दुग्ध उत्पादों का सुरक्षित रखरखाव, खाद्य रंगों एवं योजकों का प्रयोग, खाद्य तेल की गुणवत्ता, कीट नियंत्रण, पेयजल, खाद्य कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, लाइसेंस, अभिलेख और पैकेजिंग संबंधी नियमों के अनुपालन की जांच की गई।
लखनऊ में 29 प्रतिष्ठानों की जांच, राजस्थान वाला का कारोबार बंद कराया
लखनऊ में अभियान के तहत 29 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और 24 सुधार नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान राजस्थान वाला मिठाई प्रतिष्ठान में गंदगी, दीवारों पर जाले, खाद्य परिसर में अव्यवस्था और खाद्य कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में कमियां पाई गईं। इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रतिष्ठान का कारोबार बंद कराया गया।
वाराणसी में 30 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
वाराणसी में मिठाई एवं नमकीन विनिर्माण और बिक्री से जुड़े 30 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 28 सुधार नोटिस जारी किए गए और खाद्य पदार्थों के 15 नमूने संकलित किए गए। वाराणसी के सिंधी कॉलोनी, पाण्डेयपुर स्थित कोजी स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान विनिर्माण परिसर की स्थिति अस्वच्छ पाई गई।
आगरा में 27 प्रतिष्ठानों की जांच, तीन इकाइयों पर गंभीर आपत्तियां
आगरा में 27 मिठाई एवं नमकीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 19 सुधार नोटिस जारी किए गए और 15 खाद्य नमूने संकलित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन