दिव्यांगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता, जरूरत पड़ने पर आंदोलन होगा : वीरेन्द्र कुमार
कानपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। दिव्यांगों की पेंशन, निःशुल्क बस यात्रा और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। यदि समय रहते समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो 3 अगस्त को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। यह बातें रविवार को कानपुर में आयोजित समस्या समाधान शिविर के दौरान राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कहीं।
राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी की ओर से शास्त्री नगर स्थित बड़ा सेंट्रल पार्क में दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के साथ आवेदन पत्र भी जमा किए गए।
शिविर के दौरान सबसे अधिक शिकायतें दिव्यांग पेंशन का लाभ खातों में न पहुंचने और इलेक्ट्रिक सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा पास न बनने की प्राप्त हुईं। पार्टी के अनुसार, करीब दाे साै लोगों ने पेंशन संबंधी शिकायत दर्ज कराई, जबकि 58 दिव्यांगजनों ने बस पास न बनने की समस्या बताई। इसके अलावा आवास, स्वरोजगार के लिए ऋण, गरीबी रेखा का आय प्रमाण पत्र, रेलवे यूनिक कार्ड तथा अंत्योदय राशन कार्ड से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा बहाल कराने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है और इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों और शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि यदि पेंशन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तीन अगस्त को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और प्रमुख सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
शिविर में राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, गोमती वर्मा, गौरव कुमार, रंजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप