दिव्यांगजनों से जुडे़ शासनादेशों का पालन करें अफसर, अन्यथा करेंगे आंदोलन : वीरेंद्र कुमार

 


कानपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। यदि शासनादेशों का अनुपालन नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। दिव्यांगजनों को उनका अधिकार और लाभ नहीं मिल रहा है। 24 सूत्रीय मांगों पर हुई सहमति के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में 14 मई से आंदोलन शुरू किया जाएगा।

यह बातें रविवार को राष्ट्रीय विकलांग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने कही। पार्टी की बैठक आज शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल पार्क में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में शासनादेशों का अनुपालन न होने के विरोध में 14 मई से आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।

वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि राज्यपाल के निर्देश पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में 18 मार्च 2025 को विधानसभा लखनऊ में बैठक आयोजित हुई थी। इसमें प्रमुख सचिव राज्यपाल, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन तथा उत्तर प्रदेश शासन के सभी विभागों के प्रमुख सचिव उपस्थित थे।

बैठक में दिव्यांगजनों की 24 सूत्रीय मांगों पर सहमति बनी थी, जिसमें बधिर दिव्यांगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु प्रदेश के 54 जिलों में बेरा जांच मशीन लगाने, दिव्यांगजनों को रोजगार के लिए दुकान एवं आवास उपलब्ध कराने, सरकारी नौकरियों में आरक्षण कोटा पूरा करने, राशन की दुकानों में आरक्षण देने, पेंशन राशि बढ़ाकर 5000 रुपये करने तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 का अनुपालन सुनिश्चित करने जैसे बिंदु शामिल थे।

आरोप है कि इन निर्देशों पर जनपद स्तर पर किसी भी विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा राज्य आयुक्त दिव्यांगजन को अनुपालन संबंधी फर्जी सूचना भेजकर पत्रावली बंद कर दी गई। वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि यदि शासनादेशों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं किया गया और दिव्यांगजनों को उनका लाभ नहीं मिला तो 14 मई से राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। इस संबंध में सभी विभागों को नोटिस जारी किया गया है। बैठक में जिला अध्यक्ष राहुल कुमार, अल्पना कुमारी, अरविन्द सिंह, वैभव दीक्षित, गुड्डी दीक्षित, ओम प्रकाश दास, गौरव कुमार, रंजीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप