दहेज के चक्कर में बिना दुल्हन लौटी बारात

 


हाथरस, 07 मई (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र में दहेज की अतिरिक्त मांग के कारण एक शादी टूट गई। युवती पक्ष ने वर पक्ष पर नकदी और मोटरसाइकिल मांगने, सामान फेंकने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सादाबाद कोतवाली में शिकायत दी गई है।

सादाबाद कोतवाली क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी मुरसान थाना क्षेत्र के निवासी के साथ 6 मई को तय हुई थी। दोनों परिवारों के बीच बिना किसी दान-दहेज के आपसी सहमति से विवाह तय किया गया था। बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बारात युवती के घर पहुंची, जहां बारातियों का स्वागत किया गया और भोजन की व्यवस्था की गई।

आरोप है कि शादी की रस्मों के दौरान वर पक्ष ने दरवाजे पर रखा सामान देखा तो दूल्हा, उसके पिता, भाई, भाभी और बहन सहित अन्य लोग नाराज हो गए। युवती पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने शादी में दिया गया सामान फेंकना शुरू कर दिया और 51 हजार रुपए नकद व एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। पीड़िता के पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए वर पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे विवाद करते रहे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे बारात बिना शादी किए ही वापस लौट गई।

पीड़िता ने तहरीर में यह भी बताया कि अगले दिन रिश्ते को बचाने के लिए उसके परिजन वर पक्ष के गांव पहुंचे, लेकिन वहां भी शादी से इनकार कर दिया गया और जान-माल के नुकसान की धमकी दी गई।

इस मामले में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि युवती पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना