तेंदुए ने मोटरसाइकिल सवाराें पर किया हमला, दोनाें घायल
बहराइच, 08 जून (हि.स.) कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में सोमवार रात लगभग 8:30 बजे तेंदुए ने एक मोटरसाइकिल सवार दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। घटना गिरिजापुरी बिछिया के पास हुई है। मोटरसाइकिल सवार दो ग्रामीण अपने घर वापस लौट रहे थे।
ग्राम पंचायत बर्दिया के रहने वाले मैसर अली अपने साथी विजय सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर सुजौली से घर लौट रहे थे,अचानक ही तेंदुए ने चलती मोटरसाइकिल पर झपट्टा मार दिया। हमले में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे विजय घायल हो गए,जबकि मोटरसाइकिल चला रहे मैसर अली की कमर पर तेंदुए का पंजा लगने से गम्भीर जख्म हो गया।
दोनों ग्रामीणों ने तेंदुए से संघर्ष कर अपनी जान बचाई, इसके बाद बिछिया बाजार पहुँचे,जहां एक निजी चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घायल ग्रामीणों ने बताया कि हमले के समय तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ मौजूद था। तेंदुए के हमले की सूचना कतर्नियाघाट के रेंजर आशीष गौड़ को दे दी गई है। वन्य जीवों के बढ़ते हमलों से ग्रामीण चिन्तित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA