ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में मारी टक्कर, एक की मौत
औरैया, 13 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में इटावा-औरैया हाईवे पर मिहौली ब्रिज के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इटावा की ओर से औरैया जा रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी थी।
फफूंद थाना क्षेत्र के माखनपुर निवासी मोतीलाल (48) और मनीष (30) ट्रैक्टर पर सवार होकर इटावा से औरैया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मिहौली ब्रिज के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मोतीलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल मनीष का उपचार किया जा रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार