ट्रक की चपेट में आकर साइकिल सवार की मौत

 


बांदा, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बांदा-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पपरेंदा तिराहे के पास रविवार शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया युवक के सिर के ऊपर से गुजर गया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसा रविवार शाम करीब 5.30 बजे पपरेंदा तिराहे के पास हुआ। बबेरू थाना क्षेत्र के रगौली गांव निवासी संतोष वर्मा (32) साइकिल से तिंदवारी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बांदा की तरफ से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद संतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया गया कि संतोष मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी माया देवी के अलावा चार बच्चे हैं। पत्नी के मुताबिक, संतोष अपने साले राहुल के साथ तेरही माफी स्थित मायके में आयोजित छठी कार्यक्रम के लिए डीजे लेने तिंदवारी आए थे। डीजे लेने के बाद लौटते समय पपरेंदा तिराहे पर यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को थाना प्रभारी के आवास के सामने खड़ा कर सोनार गली की ओर भाग निकला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया।

थाना तिन्दवारी के उपनिरीक्षक अंजली पांडेय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा है और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह