झारखंड छात्रों के बीच कब जाएंगे राहुल गांधी : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ, 10 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि प्रयागराज जाने वाले राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के बीच जाकर अपना आईना कब देखेंगे ? उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि राहुल, अगर आपकी लड़ाई वास्तव में छात्रों के भविष्य और पारदर्शी परीक्षाओं के लिए है तो झारखंड जाकर आंदोलनकारी अभ्यर्थियों की पीड़ा सुनकर राज्य में अपनी गठबंधन सरकार से जवाब मांगने की हिम्मत करिए। केवल भाजपा शासित राज्यों में सक्रियता और अपनी गठबंधन सरकारों के मामले में निष्क्रियता नहीं चलेगी। आपके राजनीतिक पर्यटन से देश की तरुणाई अब ‘भ्रमित’ नहीं होने वाली।
इससे उनका और उनके ख़ानदान का यह दोहरा चरित्र उजागर होता है। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं की कथित धांधलियों, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया की अनियमितताओं और आमरण अनशन कर रहे युवाओं के मामले में वहां छात्रों की आवाज़ पर ‘मौन’ साध लेना राहुल जी की ‘सुविधावादी राजनीति’ को उजागर करता है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश को नैतिकता का पाठ पढ़ाने के लिए कांग्रेस के पास कोई नैतिक आधार नहीं है। इसके बावजूद उसके बालहठी नेता राहुल गांधी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छात्र हित और नैतिकता का पाठ पढ़ाने का दुस्साहस करते हैं। वे मोदी को बदनाम करके नाम कमाना चाहते हैं लेकिन इससे उनका दोहरा चरित्र उजागर होता है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज जनहित की पार्टी नहीं, बल्कि मां-बेटा-बेटी तक सिमटा परिवारवादी राजनीतिक प्रतिष्ठान बन चुकी है। देश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों से वास्तविक सरोकार छोड़कर केवल सत्ता के लालच में नौटंकी करने से जनता का विश्वास नहीं मिलता। यही अवसरवादी और दोहरी राजनीति जारी रही तो 2047 तक सत्ता तो दूर, कांग्रेस सत्ता के इर्द-गिर्द भी दिखाई नहीं देगी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत माता के माथे का सच्चा मुकुट हैं। भाजपा राष्ट्रसेवा, सुशासन तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए सदा ही समर्पित हैं। इसलिए भाजपा को नैतिकता सिखाने से पहले कांग्रेस और अपने गठबंधन की सरकारों को देखिए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन