जौनपुर : रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार की प्रतिमा स्थापना की मांग, मंत्री गिरीश चंद्र यादव को प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
जौनपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव से शनिवार को प्रजापति समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दाैरान प्रतिनिधिमंडल ने संविधान सभा के सदस्य एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार की प्रतिमा स्थापित कराए जाने की मांग की।
राहुल प्रजापति (जिलाध्यक्ष) के नेतृत्व में तथा दक्ष सेना के संस्थापक एवं प्रमुख वीरेंद्र प्रजापति वीर के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को प्रार्थना-पत्र सौंपते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण में रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार के योगदान को सम्मान देने के लिए उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाए।
इस पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रतिमा स्थापना के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में पवन प्रजापति, धर्मेंद्र प्रजापति, मोहन लाल प्रजापति, सुशील प्रजापति, लोटन प्रजापति, उमाशंकर प्रजापति, अभिषेक प्रजापति, मोनू प्रजापति सहित प्रजापति समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव