जौनपुर में संत रामभद्राचार्य ने मां शीतला मंदिर में किए दर्शन

 


जौनपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार को विश्वविख्यात संत एवं रामकथा मर्मज्ञ रामभद्राचार्य जौनपुर पहुंचे। वे हेलिकॉप्टर से यहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। आगमन के बाद उन्होंने पूर्वांचल की शक्तिपीठ प्रसिद्ध मां शीतला धाम मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।

विश्वविख्यात संत रामभद्राचार्य के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक वहां एकत्र हो गए। मंदिर परिसर में जयकारों की गूंज सुनाई दी और लोगों ने आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन-पूजन के उपरांत जब वे अपने वाहन की ओर बढ़ रहे थे, तभी पत्रकारों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा हाल ही में विश्वविख्यात संत पर दर्ज मुकदमा वापस दिए जाने संबंधी बयान को लेकर सवाल किया। हालांकि, उन्होंने इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं की। सवाल सुनते ही वे बिना प्रतिक्रिया दिए शांत भाव से वाहन में बैठे और शीशा बंद कर आगे बढ़ गए।

इसके बाद वे निर्धारित निजी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां आयोजकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जौनपुर उनकी जन्मभूमि है और इस पावन भूमि पर आकर उन्हें आत्मिक शांति एवं विशेष आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने आध्यात्मिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश भी दिया। उनके आगमन को लेकर समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव