जौनपुर में डिजिटल जनगणना की तैयारी पूरी, 10 हजार कर्मचारी लगाए जाएंगे कार्य में
जौनपुर,12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में डिजिटल जनगणना की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस कार्य के लिए 10 हजार कर्मचारियों को नियुक्त किया जाएगा। इस बार जनगणना को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया है, जिसमें तकनीक का व्यापक उपयोग होगा।
नागरिकों की सुविधा के लिए 7 से 10 मई तक एक ऐप के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने का विकल्प दिया गया है। इससे समय की बचत होगी और डेटा की सटीकता भी बढ़ेगी। जो लोग डिजिटल माध्यम का उपयोग नहीं कर पाएंगे, उनके लिए जनगणना कर्मी पारंपरिक तरीके से घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
प्रशासन ने सभी संबंधित कर्मियों के प्रशिक्षण की तैयारी भी शुरू कर दी है, ताकि वे निर्धारित प्रारूप के अनुसार सही और पूर्ण जानकारी संकलित कर सकें।
इस संबंध में रविवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि जनगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी होगी, ताकि कोई कमी न रहे। इसके बाद मकान गणना (हाउस लिस्टिंग) का कार्य किया जाएगा, जो 22 मई से शुरू होकर 20 जून तक चलेगा।
डीएम ने बताया कि जनगणना कर्मी प्रत्येक मकान का विवरण एकत्र करेंगे, जिसमें मकान की स्थिति, उपयोग, संरचना और उसमें रहने वाले परिवारों से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी दर्ज की जाएगी। कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई है। इसके तहत हर 200 घरों के लिए एक ब्लॉक निर्धारित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक कर्मी को सीमित और स्पष्ट क्षेत्र मिल सके। इससे कार्य में तेजी आएगी और त्रुटियों की संभावना भी कम होगी।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव